विख्यात भजन गायक अनूप जलोटा को मिला पंडित जसराज एक्सिलेंस हरियाणा अवार्ड
कुरुक्षेत्र, 29 मार्च (प्रमोद कौशिक) : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित 8वें हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के अंतिम दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक संगीत प्रस्तुतियों के बीच गरिमामयी अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि भारतीय सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति का सशक्त दर्पण भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे फिल्म महोत्सव युवा कलाकारों को सिनेमा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर कुलगुरु ने विख्यात भजन गायक अनूप जलोटा को ‘पंडित जसराज एक्सिलेंस हरियाणा अवार्ड’ से सम्मानित किया। इसके साथ ही हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, अभिनेत्री अमित नांदिया सहित विभिन्न कलाकारों और फिल्म महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में एस.डी. कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने हरियाणा के पारंपरिक लूर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरपी सैनी ने कहा कि फिल्में आधुनिक समाज का आईना होती हैं, जो एक ओर सामाजिक बुराइयों को उजागर करती हैं तो दूसरी ओर संस्कृति और संस्कारों को भी मंच प्रदान करती हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेपाल से आए निर्देशक डाबी क्षेत्री तथा डिप्टी डायरेक्टर सविता भारती ने जानकारी दी कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले हरियाणा फिल्म फेस्टिवल में नेपाल की 20 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
समारोह का संचालन डॉ. आबिद अली ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मास कम्युनिकेशन विभाग की मीडिया टीम, एनएसएस, फिन स्टूडियो के सदस्यों एवं अन्य मीडिया प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी, प्रो. शुचिस्मिता, हरियाणा फिल्म फेस्टिवल के निदेशक धर्मेंद्र डांगी, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, डीवाईसीए उपनिदेशक डॉ. सलोनी पी. दीवान सहित अनेक शिक्षाविद, कलाकार और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








