प्रदेशाध्यक्ष पं मोहनलाल बड़ौली बोले—अन्य दलों के विधायकों वाले क्षेत्रों में भी विकास से नहीं रहेगा कोई वंचित
रैली बनेगी ‘विकास उत्सव’, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल : रामचंद्र जांगड़ा

महम/चंडीगढ़,28 मार्च 2026 – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 अप्रैल को महम की अनाज मंडी में आयोजित “महम चौबीसी विकास रैली” को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे महम विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने काठ मंडी स्थित राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हमारी भाजपा सरकारों ने हरियाणा सहित पूरे देश में 2014 से विकास को राजनीति से ऊपर रखते हुए जनहित के कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार द्वारा प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में समान विकास सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। “जहां भाजपा का विधायक नहीं है, वहां भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी,” उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा।
बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं हर विधानसभा क्षेत्र की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे न रह जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस रैली को ऐतिहासिक बनाएं।
भाजपा स्थापना दिवस से डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती तक— संगठन का व्यापक कार्यक्रम
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि भाजपा का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर मनाया जाएगा। इस दिन कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करेंगे।
इसके बाद 13 से 20 अप्रैल तक डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 अप्रैल को दिन में स्वच्छता अभियान और शाम को दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। पूरे सप्ताह जनजागरण अभियान चलाकर समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को उजागर किया जाएगा। बड़ौली ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा संगठन है।
वैश्विक तेल संकट के बीच राहत, केंद्र सरकार के संतुलित कदम
प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। उन्होंने बताया कि कच्चे तेल की कीमतें 73 डॉलर से बढ़कर 133 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नेय प्रभावी कूटनीति और आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से देश में तेल, गैस और खाद की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखा।
सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में दी गई राहत से आम जनता को महंगाई से काफी हद तक बचाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस वैश्विक संकट के बीच संतुलित और दूरदर्शी नीति अपनाकर अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार की नीतियों पर विश्वास बनाए रखें।
गांव-गांव पहुंचे रैली का निमंत्रण,कार्यकर्ताओं का जोश रचेगा नया कीर्तिमान : जांगड़ा
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “विकास उत्सव” के रूप में आयोजित की जाएगी। रैली को लेकर पूरे महम क्षेत्र में लोगों में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण भी देंगे।
सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम की यह विकास रैली क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके लिए विशेष टोलियां गठित करेंगे,जो घर-घर जाकर आमजन को रैली का निमंत्रण देंगी। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय भी लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, भाजपा नेता महंत सतीश दास, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल, जिला सचिव रेखा रोहिल्ला,सत्यप्रकाश बिसला, ब्लॉक समिति के चेयरमैन नवनीत राठी,महम मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र अहलावत,मोखरा मंडल के अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ,सैमान मंडल के अध्यक्ष मनोज पहलवान,लाखन माजरा मंडल के अध्यक्ष अमित चौहान, सीएम एमिनेंट पर्सन जस्सू नाई, जोगिंद्र गिरोत्रा, राजेश शर्मा,पार्षद विनोद गोयल, पूर्व चेयरमैन रामनिवास रोहिल्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, सरपंच व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।








