नगर निगम गुरुग्राम का बड़ा कदम, वार्ड-34 की दशकों पुरानी सीवर समस्या स्थाई समाधान की ओर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया व निगम अधिकारियों की संयुक्त पहल से मिलेगा स्थायी समाधान, अप्रैल अंत तक पूरा हो जाएगा कार्य

गुरुग्राम, 28 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) द्वारा वार्ड-34 में वर्षों से चली आ रही सीवर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दशकों से परेशान स्थानीय निवासियों के लिए राहत भरी खबर है कि इस समस्या के समाधान हेतु शुरू किया गया कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अप्रैल माह के अंत तक इसके पूर्ण होने की संभावना है।

वार्ड-34 के अंतर्गत आने वाले कई क्षेत्रों में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। नगर निगम की टीम ने इस चुनौती को गंभीरता से लेते हुए व्यापक योजना के तहत कार्य शुरू किया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।

वार्ड-34 की पार्षद सुरेखा चौहान ने निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि “जो कार्य पहले असंभव प्रतीत होता था, उसे एमसीजी की टीम ने संभव कर दिखाया है। टीम की कड़ी मेहनत अब रंग ला रही है और क्षेत्रवासियों को जल्द ही स्थायी समाधान मिलेगा।” उन्होंने आगे बताया कि गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राजरानी मल्होत्रा तथा निगमायुक्त प्रदीप दहिया के मार्गदर्शन और नेतृत्व में यह कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे वार्ड की जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है।

नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने जानकारी दी कि जहाजगढ़, न्यू पालम विहार, सराय गांव, प्रकाशपुरी कॉलोनी और राजेंद्र पार्क जैसे क्षेत्रों में सीवर की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। अब इन क्षेत्रों में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिसमें नई सीवर लाइनों का निर्माण, पुरानी लाइनों की सफाई और पुनर्वास शामिल है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से राजेंद्र पार्क क्षेत्र में अत्यधिक सिल्ट जमा होने और बार-बार ओवरफ्लो की समस्या को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है, जिससे भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

इस परियोजना को सफल बनाने में चीफ इंजीनियर विजय ढाका, एक्सईएन सुन्दर श्योराण, एई विवेक बेनीवाल, जेई सतेन्द्र और रामकरण सहित पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत कर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्थानीय निवासियों ने भी इस कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

मेयर राजरानी मल्होत्रा के नेतृत्व में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। वहीं गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने विश्वास जताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड-34 में सीवर की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी और यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!