हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने किए माता मनसा देवी के दर्शन, लिया आशीर्वाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हवन-यज्ञ में आहुति देकर देश व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की करी कामना

चंडीगढ़, 27 मार्च:  हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष के साथ पंचकूला स्थित ऐतिहासिक माता मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री सतपाल शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया।

मुख्य मंदिर में दर्शन करने के उपरांत राज्यपाल ने मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुति अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कंजक पूजन भी किया तथा कन्याओं को भोजन करवाया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की कार्यकारी अधिकारी श्रीमती निशा यादव ने राज्यपाल को माता मनसा देवी का चित्र सम्मानस्वरूप भेंट किया।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज अत्यंत शुभ अवसर है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी धर्मपत्नी के साथ माँ मनसा के भक्त के रूप में मंदिर आए हैं और भारत व हरियाणा के लोगों के कल्याण तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की है।

राज्यपाल ने आगे कहा कि उन्होंने माँ मनसा से एक ऐसे राष्ट्र के निर्माण के लिए आशीर्वाद मांगा है, जो सशक्त, प्रगतिशील और करुणामय हो। उन्होंने कहा कि देश अपने नागरिकों, विशेषकर गरीबों और वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति सदैव समर्पित रहे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत उदार मूल्यों को बनाए रखते हुए अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करता रहेगा तथा समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त श्रीमती सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती निशा यादव, श्राइन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर के सचिव पृथ्वीराज सहित बोर्ड के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!