डीसी अजय कुमार ने गुरुग्राम शहर में एलपीजी और पीएनजी सप्लाई को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
डीसी ने बैठक में दिए निर्देश, सभी एसडीएम अपने एरिया के वार्ड पार्षद व आरडडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को साथ लेकर नागरिकों को पीएनजी कनेक्शन लेने के प्रति करें जागरुक

गुरुग्राम, 27 मार्च। डीसी अजय कुमार ने कहा कि गुरुग्राम शहर के जिन एरिया में पीएनजी की मेन लाइन पहुंच चुकी है वहां पर संबंधित एजेंसिया उपभोक्ताओं को शीघ्रता से कनेक्शन जारी करें। सभी एसडीएम अपने एरिया में पीएनजी कनेक्शन को लेकर वार्ड पार्षद व रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडबल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जागरुकता अभियान चलाए। उन्होंने यह बात शुक्रवार की शाम लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में एलपीजी-पीएनजी प्रदाता कंपनियों व प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कही।
श्री अजय कुमार ने बैठक में एलपीजी आपूर्ति तथा पीएनजी कनेक्शन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एलपीजी आपूर्ति को लेकर बेहद सजगता से कार्य कर रहा है। सभी एजेंसियों के डेली स्टॉक की निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति के लिए अब पीएनजी नेटवर्क को विस्तार देना है। ऐसे में पीएनजी आपूर्ति कंपनियां अपने लंबित कनेक्शन को शीघ्रता से जारी करें। उन्होंने जिला में पीएनजी आपूर्ति कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड व हरियाणा सिटी गैस के नेटवर्क की भी बैठक में समीक्षा की।
डीसी ने पीएनजी कनेक्शन की समीक्षा करते हुए दोनों एजेंसियों को टारगेट निर्धारित कर शहर में अपना एरिया बढ़ाने के निर्देश दिए। पीएनजी प्रदाता कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के शहर में 21,692 तथा हरियाणा सिटी गैस के 61,911 कनेक्शन है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में शुक्रवार को घरेलू श्रेणी के 18,836 व गैर घरेलू श्रेणी के 119 सिलेंडर की सप्लाई की गई। बीते 14 मार्च से 27 मार्च तक जिला में घरेलू श्रेणी के 2,51,610 सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम तक जिला की एजेंसियों में 14,571 सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है। ऐसे में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य रूप से सुचारू है।
इस अवसर पर गुरुग्राम के एसीयूटी अदिति सिंहानिया, एसडीएम हितेंद्र शर्मा, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव व एलपीजी वितरण से जुड़ी कंपनियां, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड तथा हरियाणा सिटी गैस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








