पंचकूला नगर निगम में 160 करोड़ की खुली लूट, भ्रष्ट तंत्र बेनकाब — राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़,  27 मार्च 2026 – पंचकूला नगर निगम में 160 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर तीखा प्रहार किया है।राव

नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। एक घोटाले की गूंज थमती नहीं कि दूसरा घोटाला सामने आ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला नगर निगम में हुआ यह महाघोटाला भ्रष्ट सरकारी तंत्र की सच्चाई को पूरी तरह उजागर करता है। यह केवल वित्तीय अनियमितता नहीं, बल्कि जनता के पैसे की “खुली लूट” है, जिसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे प्रकरण से स्पष्ट होता है कि सरकारी संस्थानों में जवाबदेही लगभग समाप्त हो चुकी है। यह घोटाला राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अधिकारियों द्वारा सोची-समझी साजिश के तहत किया गया प्रतीत होता है। जनता से विभिन्न प्रकार के शुल्क वसूल किए जा रहे हैं, लेकिन यह धन विकास कार्यों में खर्च होने के बजाय भ्रष्ट राजनेताओं और अधिकारियों की जेब में जा रहा है। आम जनता को इस भ्रष्ट तंत्र द्वारा लगातार गुमराह किया जा रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि यदि निष्पक्ष जांच होती है, तो घोटाले की राशि और अधिक बढ़कर सामने आ सकती है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक इस मामले में पारदर्शिता नहीं लाई जाती, कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार ईमानदार है, तो उसे तुरंत इस मामले की सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!