सफाई कर्मचारी यूनियन की मांगों पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ईएसआईसी कार्ड, वेतन, पदोन्नति व सुविधाओं पर लिए गए निर्णय, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

गुरुग्राम, 25 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में सफाई कर्मचारी यूनियन की विभिन्न मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, वेतन, पदोन्नति, सुविधाओं और कार्य परिस्थितियों से जुड़े कई बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

यूनियन ने बताया कि अब तक काफी सफाई कर्मचारियों को ईएसआईसी कार्ड जारी नहीं हुआ है। इस पर निगमायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिए कि वे स्वयं कर्मचारियों के दस्तावेजों में सुधार करवाएं। साथ ही साप्ताहिक रिपोर्ट भी निगमायुक्त कार्यालय में भेजें। सफाई कर्मचारी यूनियन से जुड़े सभी मामलों के समाधान हेतु संयुक्त आयुक्त (एसवीएम) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, जो इन सभी मामलों की निगरानी और समाधान के लिए उत्तरदायी रहेंगे। सभी ग्रुप सी एवं डी कर्मचारियों को मई 2026 के अंत तक पहचान पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जो कर्मचारी निगम रोल में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके मामलों की पुनः समीक्षा की जाएगी।

निगम रोल एवं पंचायत के कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के लिए सरकार को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान को लेकर भी सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त किया जाएगा। वर्ष 2018 में नियुक्त कर्मचारियों व सीवरमैन के लंबित एरियर की जांच कर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। एसीपी से जुड़े मामलों में कर्मचारियों के प्रार्थना पत्र यूनियन के माध्यम से जमा करवाए जाएंगे। साबुन एवं तेल भत्ते पर भी सरकार के निर्देशानुसार कार्रवाई होगी।

कर्मचारियों के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाएगा, जिससे वे ओटीपी के माध्यम से अपनी सैलरी स्लिप प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा लीगल हेयर सर्टिफिकेट और मातृत्व लाभ से जुड़े मामलों के समाधान के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए। गर्मी को देखते हुए 1 अप्रैल 2026 से सफाई कर्मचारियों का ड्यूटी समय सुबह 7 बजे से 11 बजे और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें एक घंटे का विश्राम रहेगा। सफाई कार्य को बेहतर बनाने के लिए 300 रिक्शा रेहड़ी और 200 हाथ रेहड़ियों की खरीद भी सुनिश्चित की जाएगी। लंबित पदोन्नतियों को 15 अप्रैल 2026 से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वरिष्ठता के आधार पर सुपरवाइजर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी बिंदुओं पर नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!