गुरुग्राम में गैस की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 32 सिलेंडर जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी अजय कुमार के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की रेड, आरोपी हिरासत में

गुरुग्राम, 24 मार्च। जिले में रसोई गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशन में जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की छह टीमें प्रतिदिन फील्ड में निरीक्षण कर रही हैं और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने सेक्टर-12 स्थित निजी अस्पताल के सामने ओपन पार्किंग में छापेमारी कर 32 गैस सिलेंडर जब्त किए।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक डॉ अशोक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रूप से कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलते ही एएफएसओ सुनील कुमार, निरीक्षक जितेंद्र कुमार और जोगेंद्र की संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

डॉ रावत ने बताया कि छापेमारी के दौरान टीम ने 31 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, एक खाली सिलेंडर, दो पांच किलो के खाली सिलेंडर तथा एक दस किलो का भरा हुआ सिलेंडर बरामद किया। टीम ने मौके पर पाया कि यहां भरे बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। सभी सिलेंडरों को मौके से जब्त कर लिया गया।

इस मामले में आरोपी निरंजन, निवासी लक्ष्मण विहार, को मौके से हिरासत में लिया गया है। संबंधित पुलिस थाना द्वारा आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

डॉ. अशोक रावत ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं, विशेषकर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों का भी हनन करती हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी को पनपने का अवसर न मिले।

एलपीजी गैस बुकिंग के लिए अतिरिक्त नंबर जारी, नागरिकों से एजेंसी के बजाय ऑनलाइन मोड से बुकिंग करने की अपील

जिले में एलपीजी गैस की बुकिंग को सुगम और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल (आईओसीएल) द्वारा अतिरिक्त बुकिंग नंबर जारी किए गए हैं। बता दें कि बढ़ते बुकिंग ट्रैफिक को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गैस एजेंसियों ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे एजेंसी पर आकर बुकिंग कराने की बजाय ऑनलाइन मॉड को प्राथमिकता दें। उपभोक्ता अब आईवीआरएस नंबर 8391990070 तथा मिस्ड कॉल नंबर 8927225667 के माध्यम से भी गैस बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा एसएमएस, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप (इंडियन ऑयल वन) और फोन पे तथा पेटीएम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। शहरी उपभोक्ताओं के लिए पिछली बुकिंग के बाद 25 दिन तथा ग्रामीण/उज्ज्वला उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि निर्धारित है।

जिले में गैस की आपूर्ति और वितरण की दैनिक मॉनिटरिंग

विभाग के सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति और वितरण की स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की औसत दैनिक खपत लगभग 13,311 है, जबकि वर्तमान में 15,359 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सुचारू और निर्बाध रूप से जारी है तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए विभाग सतत रूप से प्रयासरत है

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें