नशा तस्करी के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस सख्त, डीसीपी मानेसर की अध्यक्षता में अहम बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पार्षदों व प्रभावशाली नागरिकों के साथ मंथन, पटौदी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज; तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गुरुग्राम, 19 मार्च 2026: कस्बा पटौदी एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती नशा तस्करी की घटनाओं को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मानेसर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में क्षेत्र के पार्षदों, मौजिज एवं प्रभावशाली व्यक्तियों ने भाग लेकर नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई और कई अहम सुझाव दिए।

बताया गया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने पहले पुलिस आयुक्त गुरुग्राम, श्री विकास अरोड़ा (IPS) से मुलाकात कर नशा तस्करी के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

इन निर्देशों के अनुपालन में डीसीपी मानेसर श्री दीपक (IPS) ने अपने कार्यालय में बैठक बुलाकर एसीपी पटौदी, एसएचओ पटौदी तथा पुलिस चौकी हेली मंडी व शहर पटौदी के प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त व तस्करी में शामिल तत्वों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान डीसीपी मानेसर ने उपस्थित लोगों से खुलकर संवाद करते हुए उनके सुझावों को गंभीरता से लिया और कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या अवैध गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी कड़ी में पुलिस द्वारा 19 मार्च को पटौदी व आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गहन जांच की गई।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!