भक्तों को कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं की मिल रही जानकारी

गुरुग्राम, 19 मार्च- जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम ने द अर्थ सेव्यर्ज़ फाउंडेशन के सहयोग से शीतला माता मंदिर परिसर में नवरात्रि 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक कानूनी जागरूकता स्टॉल शुरू किया है। इस स्टॉल का उद्घाटन डीएलएसए गुरुग्राम के सचिव राकेश कादियान ने किया। स्टॉल का उद्देश्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर तुरंत कानूनी मदद उपलब्ध कराना है।
स्टॉल पर पैनल अधिवक्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। अधिवक्ता सुनील शर्मा ने श्रद्धालुओं को 9 मई 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया।
डीएलएसए के सचिव ने बताया कि इस दौरान श्रम विभाग, जिला बाल कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग भी अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉल पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और पात्र लोगों के आवेदन मौके पर ही भरवाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें जल्दी लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि डीएलएसए द्वारा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मुफ्त कानूनी सहायता दी जाती है। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को वकील की सुविधा भी दी जाती है। घरेलू हिंसा, बाल अधिकार, श्रमिक और उपभोक्ता मामलों में भी लोगों को मार्गदर्शन दिया जाता है।
इस पहल का मकसद है कि आमजन अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और जरूरत पड़ने पर बिना हिचक के कानूनी सहायता ले सकें। नवरात्रि के मौके पर यह स्टॉल श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हो रहा है, जहां वे पूजा के साथ-साथ अपने अधिकारों की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।







