सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, जय प्रकाश, वरुण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी ने राज्य सभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस विधायकों का धन्यवाद किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस विधायक लोकतंत्र को बचाने वाले नायक साबित हुए, लोकतंत्र और बाबा साहब के संविधान की जीत हुई – दीपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में पार्षदों की वोट चोरी की गई थी, इस बार विधायकों की वोट चोरी की गई – दीपेन्द्र हुड्डा      

कांग्रेस पार्टी की वोट में कोई कमी नहीं थी बस बीजेपी की वोट चोरी में कमी रह गई – वरुण चौधरी

संख्या बल न होते हुए भी अनुसूचित जाति के उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध के विरोध से बीजेपी का दलित विरोधी चेहरा हुआ उजागर – वरुण चौधरी

बीजेपी के पास इनेलो के जरिए वोट का बंटवारा करने से बढ़िया कोई टूल नहीं – जय प्रकाश

सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने दीपेन्द्र हुड्डा की कुशल रणनीति व कड़ी मेहनत की सराहना की

चंडीगढ़, 17 मार्च। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, जय प्रकाश, वरुण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी ने राज्य सभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस विधायकों का धन्यवाद किया। सभी सांसदों ने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले एक साधारण कार्यकर्ता को राज्य सभा उम्मीदवार बनाने और जीत सुनिश्चित कराने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल का विशेष धन्यवाद दिया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा रात के अंधेरे में किस प्रकार से लोक तंत्र की हत्या करने की कोशिश की गई। लेकिन कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी के साम-दाम-दंड-भेद के खेल को फेल किया और मजबूती से कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े रहे।

दीपेन्द्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारी पूरी तरह से पक्षपात करते हुए बीजेपी एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। कांग्रेस की 4 वोट को गलत ढंग से रद्द किया। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में पार्षदों की वोट चोरी की गई थी, इस बार विधायकों की वोट चोरी की गई। बीजेपी ने गुजरात के उप-मुख्यमंत्री को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा क्योंकि बीजेपी हर हाल में ये सीट हासिल करना चाहती थी। उसने क्रॉस वोटिंग कराने समेत हर तरह की प्लानिंग की। लेकिन कांग्रेस विधायकों ने खरीद फरोख्त का बीजेपी का पूरा खेला नाकाम कर दिया। बीजेपी की बी टीम इनेलो ने चुनाव के आखिरी दिन वोटिंग से अलग होने की घोषणा की और मैदान छोड़कर भाग गई। हरियाणा की जनता ने राज्य सभा चुनाव में एक सीट बीजेपी को और एक कांग्रेस को दी है। लेकिन बीजेपी ने धनबल, तंत्र बल, सत्ता बल के जरिए वोट चोरी करके एक सीट भी छीनने की नाकाम कोशिश की। बीजेपी जब खरीद फरोख्त से संख्या बल नहीं जुटा पाई तो आखिरी हथकंडा अपनाते हुए चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया। बीजेपी को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है वो केवल सत्ता में काबिज बने रहना चाहती है।

सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि बीजेपी ने संख्या बल न होते हुए भी साधारण परिवार से आने वाले अनुसूचित जाति के उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध का विरोध किया। बीजेपी ने विधायकों को हर तरह का प्रलोभन देने, दबाव डालने, उलझाने, फँसाने की कोशिश की। लेकिन कांग्रेस विधायक लोकतंत्र को बचाने वाले नायकों के रूप में साबित हुए। कांग्रेस पार्टी की वोट में कोई कमी नहीं थी बस बीजेपी की वोट चोरी में कमी रह गई। कांग्रेस के जिन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की उन्हें जनता माफ नहीं करेगी। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि धर्मक्षेत्र के युद्ध में कांग्रेस विधायक पांडव के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने सभी विधायकों को एकजुट रहकर कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध की जीत सुनिश्चित करने के लिए बधाई दी, साथ ही चुनाव का फैसला होने तक देर रात लोकतंत्र के बचाने के लिए सक्रिय रहे प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का आभार जताया। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की कुशल रणनीति व कड़ी मेहनत की सराहना की।

सांसद जय प्रकाश जेपी ने कहा बीजेपी सरकार और इनेलो अपनी खोई हुई जमीन तलाशने में लगी हुई है। बीजेपी के पास इनेलो के जरिए वोट का बंटवारा करने से बढ़िया टूल नहीं है। बीजेपी ने कुछ कांग्रेस विधायकों का ईमान खरीदने की कोशिश की है। रिश्वत देने वाले और रिश्वत लेने वाले दोनों दोषी हैं। प्रजातंत्र में डराने, धमकाने, प्रलोभन देने का ऐसा प्रयास कभी नहीं देखा। इससे साबित हो गया कि बीजेपी वोट चोरी का काम करती है और कुछ नहीं। आरओ जिस अधिकारी को बनाया गया उसकी हाल ही में कुछ महीने पहले हुए बैंक घोटाले में बड़ी भूमिका रही है। वोट रद्द करने से बीजेपी सरकार के धनबल, सत्ताबल का पर्दाफाश हो गया। चारों सांसदों ने हरियाणा में राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध की जीत के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृव का धन्यवाद किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!