भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को दी जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने इनेलो पर साधा निशाना – इनेलो ने राज्यसभा चुनाव का बहिष्कार करके लोकतंत्र का अपमान किया

चंडीगढ़, 17 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री बड़ौली ने संजय भाटिया के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना भी की। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद संजय भाटिया अपने लंबे राजनीतिक अनुभव से उच्च सदन में हरियाणा की जनता की आवाज को और अधिक सशक्त बनाएंगे। श्री बड़ौली ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बढ़ते आंतरिक संघर्ष, गुटबाजी के चलते बची-खुची कांग्रेस पार्टी भी अब बिखराव की तरफ बढ़ रही है।
श्री बड़ौली ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को हिमाचल में अलग-अलग स्थानों पर लेकर जाती रही। कांग्र्रेस के वरिष्ठ नेताओं को अपने विधायकों पर ही भरोसा नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब है, यही कारण है कि कांग्रेस के विधायक कांग्रेस पार्टी से तंग आ चुके हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस की अंतर्कलह फिर उजागर हो गई। संख्याबल होने के बावजूद भी कांग्रेस प्रत्याशी सिर्फ एक वोट से जीत दर्ज कर सका है। कांग्रेस के एकजुटता के दावा की जनता के सामने फिर पोल खुल गई है। कांग्रेस के नेताओं का ही कांग्रेस पार्टी पर भरोसा खत्म होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस की हालत और भी खराब होने वाली है।
मोहन लाल बड़ौली ने इनेलो पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनेलो कांग्रेस पार्टी की ‘‘बी’’ टीम साबित हुई। इनेलो ने चुनाव का बहिष्कार करके अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का ही सपोर्ट किया है। इनेलो ने अपने विधायकों को वोट करने से रोका यह लोकतंत्र का अपमान है।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा को जन-जन का प्यार मिल रहा है। भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में काम करने वाली पार्टी है। सभी वर्ग आगे बढ़ यही भाजपा की सोच है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से विकास कर रहा है।
मोहन लाल बड़ौली ने पुनः नवनिर्वाचित सांसद संजय भाटिया के कार्यकाल की सफलता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई है कि नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया राज्यसभा में अपनी सक्रिय भागीदारी से निश्चित ही देश व प्रदेश से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे।





