24 मार्च की रैली को लेकर माकपा का जन आक्रोश जत्था गुरुग्राम पहुंचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामलीला मैदान में 24 मार्च की रैली को सफल बनाने के लिए माकपा ने तेज की तैयारियां, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

गुरुग्राम, 17 मार्च 2026 – मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के आह्वान पर भाजपा सरकार की कथित कॉर्पोरेट और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 24 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित देशव्यापी रैली की तैयारियों के तहत राज्य स्तरीय “जन आक्रोश जत्था” मंगलवार को गुरुग्राम के कमला नेहरू पार्क पहुंचा। यहां आयोजित जनसभा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

जत्थे का नेतृत्व माकपा के पूर्व राज्य सचिव कामरेड सुरेंद्र मलिक और सचिव मंडल सदस्य कामरेड जय भगवान ने किया। सभा को संबोधित करते हुए सुरेंद्र मलिक ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियां किसान, मजदूर और आम मेहनतकश वर्ग के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि चार लेबर कोड लागू कर श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर किया गया है, वहीं मनरेगा जैसी योजनाओं को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं दी गई, जबकि बिजली बिल 2025 के तहत स्मार्ट और प्रीपेड मीटर लगाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही, उन्होंने सरकार पर सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियां निजी कंपनियों को बेचने का भी आरोप लगाया।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए मलिक ने ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों की आलोचना करते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।

वहीं, कामरेड जय भगवान ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है, जबकि आम जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सांप्रदायिकता के मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाया जा रहा है।

सभा में केरल मॉडल का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने दावा किया कि वहां वामपंथी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बेहतर कार्य किया है।

इस दौरान कामरेड राजेंद्र छोकर के नेतृत्व में शहीद भगत सिंह यादगार कला जत्थे ने नुक्कड़ नाटक “इंसाफ की पुकार” प्रस्तुत किया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों पर व्यंग्य किया गया। साथ ही देशभक्ति गीत और रागनियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव उषा सरोहा, जिला सचिव भारती, सीटू जिला अध्यक्ष सुरेश नौहरा सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!