पहले दिन जनगणना के कानूनी पहलुओं व अवधारणाओं पर दिया गया प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर संजीव मान, ईश्वर सिंह और जितेंद्र रावत ने करवाए विभिन्न सत्र
गुरुग्राम, 16 मार्च – भारत की जनगणना-2027 (फेज-1) की तैयारियों के तहत गुरुग्राम में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को हुई। यह प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहला बैच 16 से 18 मार्च तथा दूसरा बैच 19 से 21 मार्च तक प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर संजीव मान, ईश्वर सिंह और जितेंद्र रावत द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि वे आगे एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।
प्रशिक्षण के पहले दिन आयोजित सत्रों में जनगणना-2027 का परिचय, इसके कानूनी पहलुओं तथा एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण देने की पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनगणना में उपयोग होने वाली अवधारणाओं और परिभाषाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि फील्ड ट्रेनर्स को आधारभूत जानकारी स्पष्ट रूप से समझ आ सके।
दोपहर बाद के सत्रों में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक की सीमाओं की पहचान, ग्राउंड ट्रुथिंग मैकेनिज्म और लेआउट मैप तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को एचएलओ मोबाइल ऐप के इंस्टॉलेशन, इसके उपयोग और विभिन्न फीचर्स की जानकारी भी दी गई तथा ऐप के माध्यम से कार्य करने का प्रारंभिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि फील्ड ट्रेनर्स को आगे एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण देते समय डेटा की गोपनीयता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का विशेष ध्यान रखना होगा। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को प्रायोगिक गतिविधियों और अभ्यास के माध्यम से भी जनगणना से जुड़े कार्यों को समझाया जा रहा है।








