गुरुग्राम में सड़क उन्नयन और मरम्मत कार्यों के लिए जीएमडीए ने जारी किए टेंडर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कनेक्टिविटी में सुधार और शहरी सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए अवसंरचना कार्य

सेक्टर 114 आउटर की मास्टर रोड के उन्नयन और सेक्टर 51/52 सर्विस रोड की मरम्मत का प्रस्ताव

गुरुग्राम, 16 मार्च: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से दो सड़क विकास परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। ये कार्य जीएमडीए द्वारा शहरी अवसंरचना के उन्नयन और यात्रियों के लिए सुरक्षित तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं।

पहला कार्य गुरुग्राम के सेक्टर 114 आउटर की मास्टर डिवाइडिंग रोड का उन्नयन है, जिसकी अनुमानित लागत 7.73 करोड़ रुपये है और इसे इसे आठ महीने में पूरा किया जाना है। कार्यक्षेत्र में 750 किलोमीटर की बिटुमिनस मुख्य कैरिजवे को मजबूत करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए सेंट्रल वर्ज क्रैश बैरियर की स्थापना, स्टॉर्म वाटर की निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर ड्रेन का निर्माण, सड़क फर्नीचर एवं अन्य यातायात सुरक्षा अवसंरचना की स्थापना सहित संबंधित अन्य कार्य शामिल हैं।

दूसरी परियोजना गुरुग्राम में सेक्टर 51/52 की डिवाइडिंग मास्टर रोड के सर्विस रोड की विशेष मरम्मत से संबंधित है, जिसकी कुल लंबाई 1.05 किलोमीटर है। इस कार्य की अनुमानित लागत 5 करोड़ रुपये है और इसे छह माह में पूरा किया जाएगा। कार्य के अंतर्गत मौजूदा सर्विस रोड की मरम्मत और मजबूतीकरण, सतही जल निकासी प्रणाली का विकास, बेहतर बरसाती पानी प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए सटे हुए ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को नीचे करना, सड़क सुरक्षा से जुड़े उपकरणों की स्थापना तथा सड़क कॉरिडोर की कार्यक्षमता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए अन्य आवश्यक सिविल कार्य शामिल हैं।

इस महीने की शुरुआत में, जीएमडीए ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख सड़क बुनियादी ढांचे के नियमित रखरखाव और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए, सेक्टर 1 से 23 तक जीएमडीए सड़कों के वार्षिक रखरखाव के लिए 24 महीने की अवधि के लिए भी निविदा जारी की थी।

इन परियोजनाओं से गुरुग्राम के सड़क नेटवर्क को और मजबूत करने और शहर के निवासियों और यात्रियों के लिए आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!