बिजली पेंशनर्स की मासिक बैठक में गूंजे मुद्दे, डायरेक्टर कपिल गुप्ता को सौंपा मांग पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम यूनिट ने किया सम्मान, पेंशनरों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

गुरुग्राम, 14 मार्च। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुग्राम की मासिक बैठक शनिवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम रेस्ट हाउस में सेवानिवृत्त सुपरिटेंडेंट मनोहर लाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत इस माह दिवंगत हुए पेंशनर साथियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद भक्ति संगीत के साथ योगाभ्यास कराया गया।

बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर कपिल गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने पेंशनरों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन पढ़कर सुनाया और गुरुग्राम यूनिट की ओर से डायरेक्टर को मांग पत्र सौंपा।

डायरेक्टर कपिल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनरों की मांगों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर अधिकतर मांगों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने एसोसिएशन के कार्यों की सराहना करते हुए यूनिट को अपनी ओर से 11 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।

इस अवसर पर यूनिट प्रधान राजन शर्मा सहित पदाधिकारियों ने कपिल गुप्ता को माला, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा “गुरुग्राम गौरव अवॉर्ड” प्रदान किया।

बैठक को सेवानिवृत्त डायरेक्टर एम.के. वत्स, एम.एल. गोयल, सेवानिवृत्त एसई दलजीत सिंह, सेवानिवृत्त एक्सईएन एम.एल. गर्ग और डीजीएम सुभाष दुरेजा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित करते हुए पेंशनरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान हेल्थ सेंटर गुरुग्राम के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अश्वनी कालरा और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुकर जैन ने पेंशनरों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के टिप्स दिए।

एसोसिएशन के प्रधान राजन शर्मा और महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने पिछले माह एमडी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के साथ केंद्रीय परिषद की बैठक में उठाए गए मुद्दों की भी जानकारी दी।

बैठक में बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों ने भाग लिया। अंत में अध्यक्ष एम.एल. यादव के संबोधन और सामूहिक जलपान के साथ मार्च माह की बैठक का समापन हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!