-चौ. भजन लाल के अधूरे सपनों को पूरा करना मेरा संकल्प –
– राजनीति मेरे लिए पद या सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का मार्ग-

आदमपुर, 14 मार्च : वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने आज आदमपुर हलके के लगभग आधा दर्जन गांवों का दौरा कर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच जाकर उनका हालचाल जाना और उनके सुख-दुख में शिरकत करते हुए क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कुलदीप बिश्नोई का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि हलके के गांवों में आधारभूत सुविधाओं को और ज्यादा मजबूत करना उनकी व भव्य बिश्नोई की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करें। दौरे के दौरान कई स्थानों पर उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए स्थानीय परिवारों से मुलाकात की और उनके पारिवारिक सुख-दुख में शामिल हुए।

कुलदीप बिश्नोई ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी राजनीति हमेशा संघर्ष, स्वाभिमान और जनता के अधिकारों की लड़ाई पर आधारित रही है। जनसेवा और जनहित के लिए जो संकल्प उन्होंने लिया है, उसे वे निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा सिद्धांतों और स्वाभिमान की राजनीति को प्राथमिकता दी है। जनता के विश्वास और सहयोग के कारण ही उन्हें लगातार आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकत्र्ताओं व आम जनमानस का स्नेह और समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है, और यही विश्वास उन्हें हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजन लाल ने प्रदेश में विकास और जनसेवा की जो मजबूत नींव रखी, उसे आगे बढ़ाना उनका कर्तव्य और दायित्व है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि चौ. भजन लाल के कई ऐसे सपने थे जो प्रदेश के विकास से जुड़े हुए थे। उन अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद या सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और जनता की सेवा का मार्ग है। आने वाले समय में भी वे पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता के हितों की रक्षा करते हुए विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते रहेंगे।









