दो व्यावसायिक इकाइयों को किया गया सील, लाखों रुपये का टैक्स बकाया

गुरुग्राम, 14 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर की दो व्यावसायिक इकाइयों को सील कर दिया। इन इकाइयों पर लाखों रुपये का संपत्ति कर बकाया था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कर बकाया होने के बावजूद संबंधित संस्थानों द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद निगम के जोन -4 क्षेत्र की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों संपत्तियों को सील कर दिया।
पहली कार्रवाई एम/एस टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड पर की गई। यह संपत्ति जीएफ-202 एवं 204, जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर, सेक्टर-16, गुरुग्राम में स्थित है। इस इकाई पर 34,61,639 रुपये का संपत्ति कर बकाया है, जिसके चलते निगम की टीम ने इसे सील कर दिया।
दूसरी कार्रवाई, पर की गई, जो एलजी-14, स्टार मॉल, सेक्टर-30, गुरुग्राम में स्थित है। इस इकाई पर 35,48,307 रुपये का संपत्ति कर बकाया है। निगम द्वारा बकाया राशि जमा न करने के कारण इस संपत्ति को भी सील कर दिया गया।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर में बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना कर जमा करें, ताकि उन्हें इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई का सामना न करना पड़े।









