गुरुग्राम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संगठनों का संयुक्त कार्यक्रम, मुख्यमंत्री के नाम भेजा मांगपत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिलाओं की समानता, सुरक्षा और श्रम अधिकारों पर जोर; विभिन्न संगठनों ने उठाई आवाज

गुरुग्राम, 7 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को गुरुग्राम के कमला नेहरू पार्क में जनवादी महिला समिति, सर्व कर्मचारी संघ, सीटू तथा ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कविता, रामवती, सीमा, रानी और सुशीला ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन आशा वर्कर यूनियन की जिला सचिव मीरा ने किया। इस अवसर पर तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र भी भेजा गया।

मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव उषा सरोहा ने कहा कि 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस दुनिया भर की महिलाओं के संघर्ष, एकजुटता और समाज में बदलाव की आकांक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने वोट देने और चुनाव लड़ने का अधिकार, कानून के सामने समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समान काम के लिए समान वेतन, मातृत्व लाभ, संपत्ति और उत्तराधिकार अधिकार तथा कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा जैसे अधिकार लंबे संघर्षों और आंदोलनों के माध्यम से हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भी गैरबराबरी और शोषण के खिलाफ महिलाओं का संघर्ष जारी है।

सीटू के अध्यक्ष सुरेश नौहरा ने कहा कि मेहनतकश महिलाओं की रोजी-रोटी पर संकट गहराता जा रहा है और चार लेबर कोड्स के जरिए मजदूरों के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार गारंटी कानून में बदलाव, खेती-बाड़ी, उद्योग और व्यापार में संकट तथा सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण से आम लोगों पर असर पड़ रहा है।

सीटू की जिला सचिव रानी लाम्बा ने कहा कि सरकारी परियोजनाओं में भी महिलाएं बहुत कम वेतन पर लंबे समय तक काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की मेहनत का शोषण हो रहा है और प्रगतिशील मूल्यों को पीछे धकेलने की कोशिश की जा रही है।

सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बसंत कुमार ने कहा कि सरकार के दावों के विपरीत महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा और सामाजिक समानता के क्षेत्रों में आगे बढ़ने के बजाय पिछड़ती जा रही हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे गरीब, दलित और अल्पसंख्यक छात्राओं के लिए शिक्षा तक पहुंच मुश्किल हो सकती है।

जनवादी महिला समिति की जिला सचिव भारती ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में बड़े राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अपहरण, छेड़खानी, सामूहिक बलात्कार, घरेलू हिंसा और दहेज हिंसा जैसी घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है।

सीटू की जिला कोषाध्यक्ष नीतू ने महिलाओं से आह्वान किया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वे समानता, सुरक्षा और सम्मान के लिए अपनी आवाज बुलंद करें और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाएं।

इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव जोगेंद्र करौंथा, आशा वर्कर यूनियन से रानी व उपासना, मिड-डे मील से कविता व बेबी, आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर्स यूनियन से सुमन वर्मा व सुशीला दलाल, नगर पालिका कर्मचारी संघ से अनिता व भारत तथा महिला समिति से गिरिजा कुमारी और ओमवती सहित अनेक वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!