गैस सिलेंडर बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी-राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़ – हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले से ही परेशान आम जनता पर अब रसोई गैस के दामों में वृद्धि की दोहरी मार पड़ रही है, जो उनके लिए असहनीय बोझ बन गई है।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि, केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जनता पहले ही दमनकारी महंगाई का सामना कर रही है। हर वर्ग के लोग इस मार से जूझ रहे हैं, और अब रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने उपभोक्ताओं की कमर तोड़ दी है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले लोगों को 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब उस योजना को लगभग समाप्त कर दिया गया है। उसके लिए गरीबी रेखा मापदंड तय कर दिया।गरीब परिवारों को भी अब सामान्य दर पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है, जिसकी कीमत लगभग 950 रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला अमेरिका के दबाव में लिया गया है, जो भारत के कच्चे तेल की खरीद-फरोख्त में अनुचित हस्तक्षेप कर रहा है। सरकार को जनता के दर्द और उनके बढ़ते आर्थिक बोझ को समझना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस के दामों में कमी नहीं की गई, तो हरियाणा कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ सड़कों पर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी और जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएगी।








