जिम्मेदारी और सद्भाव के साथ मनाएं होली : डीसी अजय कुमार
डीसी की जिलावासियों से अपील, रंगों के पर्व होली पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी का करें पालन
गुरुग्राम, 03 मार्च। डीसी अजय कुमार ने होली के पावन अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी नागरिक इस रंगोत्सव को पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, इसलिए इसे जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ मनाना हम सभी का दायित्व है।
डीसी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें और सूखे रंगों या गुलाल से होली खेलने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि रासायनिक रंगों व हानिकारक पदार्थों के उपयोग से त्वचा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए केवल हर्बल व इको-फ्रेंडली रंगों का ही इस्तेमाल करें। जल संरक्षण को दैनिक जीवन की आदत बनाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचाना अत्यंत आवश्यक है।
डीसी ने बताया कि होली को सुरक्षित एवं शालीन वातावरण में मनाने के उद्देश्य से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा “सुरक्षित होली अभियान” शुरू किया गया है। इस संबंध में विभाग की ओर से विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि कीचड़, अंडे, रासायनिक रंग या अन्य हानिकारक पदार्थों का प्रयोग न करें तथा सड़कों पर चलती गाड़ियों पर रंग या पत्थर फेंकने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी के साथ जबरदस्ती होली न खेलें, बुजुर्गों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें तथा नशे और अश्लील या भड़काऊ गीतों से परहेज करें। डीसी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112, 1077 और 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आमजन के सहयोग से जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।








