डबल-ट्रिपल इंजन सरकार में न विकास दिखा, न रोजगार — एडवोकेट रजवंत डहीनवाल
रेवाड़ी | 2 मार्च 2026 – इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रवक्ता एडवोकेट रजवंत डहीनवाल ने बजट 2026-27 पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पहले जनता में बजट को लेकर उत्सुकता रहती थी कि प्रदेश में विकास होगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा, लेकिन अब बजट केवल खानापूर्ति बनकर रह गया है।
उन्होंने कहा कि बजट का 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सा कर्ज, ब्याज और वेतन चुकाने में चला जाता है, जबकि जो राशि बचती है उसका भी समुचित उपयोग नहीं हो पाता। डहीनवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को भ्रमित करने में अधिक ध्यान दे रही है और स्वयं की पीठ थपथपाने के अलावा उसके पास ठोस उपलब्धि नहीं है।
इनेलो प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश पर लगभग 3 लाख 95 हजार करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि प्रदेश में जन्म लेने वाला हर बच्चा लगभग सवा लाख रुपये का कर्ज लेकर पैदा हो रहा है। ऐसे में कर्ज के बोझ तले दबा प्रदेश तरक्की कैसे करेगा, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
डहीनवाल ने कहा कि पिछले तीन कार्यकालों से भाजपा सत्ता में है और डबल-ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद न तो विकास नजर आता है, न रोजगार और न ही युवाओं के भविष्य की कोई ठोस दिशा दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और युवा निराशा के चलते नशे की लत की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि जिस प्रदेश में नशा लगातार बढ़ रहा हो, वह उन्नति कैसे कर सकता है। डहीनवाल ने बजट को केवल कागजी कार्यवाही करार देते हुए कहा कि सरकार को जमीनी हकीकत पर काम करने की आवश्यकता है।









