सुरक्षित होली अभियान : आपसी सौहार्द और शालीन तरीके से होली का पर्व मनाने के लिए एडवाइजरी जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी अजय कुमार ने जिलावासियों को दी होली पर्व की शुभकामनाएं

डीसी की जिलावासियों से अपील, रंगों के पर्व होली पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी का करें पालन

गुरुग्राम, 02 मार्च। रंगों के पर्व होली को सुरक्षित एवं शालीन वातावरण में मनाने के उद्देश्य से मनाने के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने “सुरक्षित होली अभियान” की शुरुआत की है। इस संदर्भ में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा नागरिकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है।

डीसी अजय कुमार ने जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी इस पर्व को आपसी भाईचारे व उल्लास के साथ मनाए। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि होलिका दहन एक निर्धारित स्थान पर सामूहिक रूप से किया जाए तथा हरे पेड़-पौधों की कटाई से बचा जाए। प्लास्टिक, टायर, ट्यूब या अन्य प्रदूषण फैलाने वाली सामग्री को जलाने पर प्रतिबंध रहेगा। रिहायशी इलाकों व संकरी गलियों में होलिका दहन नहीं किया जाए, ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति न हो।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से आग्रह किया है कि होली खेलने के लिए केवल हर्बल रंगों का उपयोग करें और पानी की बर्बादी से बचें। कीचड़, अंडे, रासायनिक रंग या अन्य हानिकारक पदार्थों का प्रयोग न किया जाए। सड़कों पर चलती गाड़ियों पर रंग या पत्थर फेंकने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी के साथ जबरदस्ती होली न खेलें तथा बुजुर्गों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। नशे का सेवन करने और अश्लील या भड़काऊ गीत बजाने से भी परहेज करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112, 1077 और 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से होली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से जिले में मनाया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें