गुरुग्राम प्रयोगशाला नहीं है — जनता की ज़िंदगी से खिलवाड़ बंद हो : सतवंती नेहरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दौलताबाद फ्लाईओवर पर अव्यवस्थित प्लानिंग से गहराएगा ट्रैफिक संकट, प्रशासन दे स्पष्ट जवाब

सतवंती नेहरा

गुरुग्राम, 1 मार्च 2026। सतवंती नेहरा ने कहा कि गुरुग्राम कोई प्रयोगशाला नहीं है, जहां जनता की ज़िंदगी से खिलवाड़ किया जाए। उन्होंने दौलताबाद फ्लाईओवर, शनि मंदिर क्षेत्र में चल रही अव्यवस्थित और बिना दूरदर्शिता वाली योजना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रशासन से तुरंत जवाब देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि धनवापुर की ओर सीधे मार्ग के नाम पर फ्लाईओवर की संरचना में बदलाव या उसे तोड़ने की चर्चा पूरी तरह अव्यवहारिक है। यदि इस प्रकार का निर्णय बिना वैज्ञानिक ट्रैफिक अध्ययन और दीर्घकालिक योजना के लिया गया, तो आने वाले समय में ट्रैफिक जाम की समस्या और विकराल हो जाएगी। इसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ेगा, जो पहले ही रोजाना घंटों जाम में फंसे रहते हैं।

सतवंती नेहरा ने प्रश्न उठाया कि क्या संबंधित विभागों में सक्षम इंजीनियर और ट्रैफिक विशेषज्ञों की कमी है, जो स्थायी और व्यवहारिक समाधान तैयार कर सकें? उन्होंने कहा कि यदि फ्लाईओवर को तोड़ने या उसमें बदलाव की कोई आधिकारिक स्वीकृति जारी नहीं हुई है, तो नियमों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक संसाधन जनता की संपत्ति हैं और उनके साथ किसी प्रकार की लापरवाही या प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुरुग्राम की जनता जवाब चाहती है और ठोस समाधान की अपेक्षा रखती है, न कि अधूरे और अव्यवहारिक प्रयोगों की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें