VIDEO: सोनीपत में 4 युवक आंसर लिखते दिखे, 1-1 नंबर वाले क्वेश्चन; एक दिन पहले मैथ का पेपर हुआ था आउट
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की पॉलिटिकल साइंस परीक्षा के दौरान नकल कराने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को हुई परीक्षा में सोनीपत के गन्नौर ब्लॉक के गांव खेड़ी गुर्जर स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर कुछ युवक व्हाट्सऐप के जरिए प्रश्न और उत्तर तैयार करते नजर आए।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में चार युवक परीक्षा केंद्र के बाहर मोबाइल फोन हाथ में लिए खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनके पास व्हाट्सऐप पर भेजे गए प्रश्न थे, जिनके उत्तर वे हाथ से लिख रहे थे। खास बात यह है कि सभी सेट के एक-एक नंबर वाले प्रश्नों के उत्तर तैयार किए जा रहे थे।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ प्रशासन
मामले की जानकारी मिलते ही Board of School Education Haryana और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारियों ने मौके पर टीमें भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई, जो 3:30 बजे तक चली। बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं।
पहले भी सामने आ चुके हैं नकल के मामले
बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन 12वीं की इंग्लिश परीक्षा में प्रदेशभर में 17 नकल के मामले पकड़े गए थे। कंट्रोल रूम भिवानी से संचालित आरएएफ-11 की रिपोर्ट के आधार पर चरखी दादरी जिले के रानीला स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तैनात दो पर्यवेक्षकों को कार्यभार से मुक्त किया गया था।
गुरुवार को शुरू हुई 10वीं की गणित परीक्षा में भी प्रदेश में 10 नकलची पकड़े गए। चरखी दादरी के गांव रानीला स्थित परीक्षा केंद्र से गणित का पेपर आउट होने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र वायरल हो गया था। बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार गणित का प्रश्नपत्र दोपहर 1:56 बजे उनके व्हाट्सऐप पर पहुंचा, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
एफआईआर और सख्ती
रानीला परीक्षा केंद्र पर पेपर आउट मामले में छात्र और सेंटर एडवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नकल और पेपर लीक मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे मामलों ने बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी सख्ती से अंकुश लगा पाता है।









