हरियाणा राज्यसभा की 2 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू, 5 मार्च अंतिम तिथि : ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 26 फरवरी 2026। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने हरियाणा से राज्यसभा की 2 खाली हो रही सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 5 मार्च 2026 तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि मतदान 16 मार्च 2026 को कराया जाएगा। परिणाम उसी दिन शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।

पेरिस इंटरनेशनल ओलम्पिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि 9 अप्रैल 2026 को हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हो रही हैं, जिन्हें भरने के लिए आयोग ने कार्यक्रम घोषित किया है।

पंकज अग्रवाल बने रिटर्निंग ऑफिसर

हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर (RO) नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में कृषि विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) की जिम्मेदारी हरियाणा विधानसभा के डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को सौंपी गई है।

भाजपा के पास हैं दोनों सीटें

वर्तमान में ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं।

  • रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। वे मार्च 2020 में निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए थे।
  • किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को उपचुनाव में निर्विरोध राज्यसभा पहुंची थीं। यह सीट दीपेंद्र सिंह हुड्डा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। हुड्डा ने रोहतक से लोकसभा सांसद बनने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दिया था।
RO नियुक्ति को लेकर विवाद

रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति को लेकर पहले विवाद भी सामने आया था। इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को शिकायत भेजी गई थी, जिसमें हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा सचिव या एचसीएस अधिकारी के स्थान पर किसी उपयुक्त आईएएस अधिकारी को आरओ नियुक्त करने की मांग की गई थी।

आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए आईएएस पंकज अग्रवाल को आरओ नियुक्त किया है।

गौरतलब है कि आयोग ने हरियाणा सहित 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए अधिसूचना जारी की है। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और संभावित राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें