डीसी अजय कुमार ने गांव अभयपुर में रात्रि ठहराव के दौरान सुनीं 24 समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और पारदर्शिता की मजबूत कड़ी है रात्रि ठहराव कार्यक्रम : डीसी

डीसी ने कहा, प्रशासन को गांव की चौपाल तक लाना रात्रि ठहराव का प्रमुख उद्देश्य

गुरुग्राम, 26 फरवरी। डीसी अजय कुमार ने बुधवार को सोहना खंड के गांव अभयपुर में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कुल 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने डीसी अजय कुमार का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, ताकि समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।

डीसी अजय कुमार ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन को सीधे गांव की चौपाल तक ले जाने की एक सार्थक पहल है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याएं लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करे। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी गांव में रात्रि विश्राम करते हैं तो उन्हें जमीनी हकीकत समझने, स्थानीय परिस्थितियों को नजदीक से देखने और समस्याओं की वास्तविकता को परखने का अवसर मिलता है। इससे न केवल शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होता है, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और पारदर्शिता भी मजबूत होती है।

डीसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते, इसलिए रात्रि ठहराव के दौरान अधिकारियों द्वारा मौके पर ही योजनाओं की जानकारी दी जाती है और पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। डीसी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालय में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका संतोषजनक समाधान करना है, ताकि आमजन को शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का वास्तविक अनुभव हो सके।

रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों ने कच्चे रास्तों को पक्का करवाने, वृद्धावस्था सम्मान पेंशन शुरू कराने, परिवार पहचान पत्र तथा वोटर कार्ड से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं।डीसी अजय कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा।

रात्रि ठहराव में एसडीएम सोहना अखिलेश यादव, जिला पार्षद पुष्पा, डीडीपीओ नवनीत कौर, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया, तहसीलदार सोहना शिखा, बीडीपीओ सचेत मित्तल, एडीआईओ नवीन, गांव के सरपंच सुमेर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें