कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने साउथ सिटी 2 के फूल महोत्सव में की शिरकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्यावरण मंत्री ने कहा, स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का जुड़ाव आवश्यक

गुरुग्राम, 21 फरवरी। हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार गुरुग्राम में प्रदूषण कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है, लेकिन इस दिशा में जनभागीदारी की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वच्छता संभव नहीं है, जब तक आमजन सक्रिय रूप से इसमें सहयोग नहीं करेंगे। स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का जुड़ाव आवश्यक है। कैबिनेट मंत्री शनिवार को साउथ सिटी -2 में आरडब्ल्यूए द्वारा आयोजित फूल महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राव नरबीर सिंह ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2013 से पॉलिथीन पर प्रतिबंध लागू है, बावजूद इसके आज भी लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें स्वयं पहल करते हुए पॉलिथीन का उपयोग बंद करना चाहिए, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों। पॉलिथीन प्रदूषण का बड़ा कारण है और इससे न केवल पर्यावरण को क्षति पहुंचती है, बल्कि शहरों में सीवर जाम और जलभराव जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदूषण का एक बड़ा हिस्सा पॉलिथीन के कारण बढ़ता है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही नियंत्रित किया जा सकता है।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में बड़ी संख्या में गेटेड सोसायटी हैं। यदि इन सोसायटियों के निवासी पॉलिथीन बहिष्कार की मुहिम शुरू करें तो अन्य कॉलोनियां भी आगे आएंगी। उन्होंने कहा कि इंदौर पिछले कई वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है और यह उपलब्धि वहां की मजबूत जनभागीदारी के कारण संभव हुई है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर साउथ सिटी 2 के प्रेजिडेंट नवदीप यादव, निगम पार्षद कुलदीप यादव, राकेश यादव, के. पी यादव, धनेश, श्रवण, एस सी शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें