राज्यपाल व मुख्यमंत्री का जताया आभार, विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प
थानेसर, (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) 21 फरवरी। महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय में आज नवनियुक्त कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान उनकी धर्मपत्नी डॉ. ममता सचदेवा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस.सी. मलिक सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने हरियाणा के राज्यपाल एवं कुलाधिपति असीम कुमार घोष तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।
प्रो. सचदेवा ने विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना, अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षणिक सुधार, डिजिटल अवसंरचना का विस्तार, उद्योग–संस्थान सहयोग तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।








