कोविड काल में नि:स्वार्थ सेवा और अस्पतालों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने पर मिला प्रशस्ति पत्र
गुरुग्राम। पंजाबी समाज की 19 बिरादरियों के संयुक्त मंच पंजाबी बिरादरी महासंगठन के पदाधिकारियों को हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
महासंगठन के अध्यक्ष बोधराज सिकरी ने बताया कि नवंबर 2021 से सक्रिय यह संस्था निरंतर सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। विशेष रूप से कोविड-19 के भयावह दौर में, जब लोग घरों से बाहर निकलने में भी संकोच कर रहे थे, तब संगठन ने बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों तक नि:शुल्क दवाइयां, वैक्सीन, ऑक्सीजन सिलेंडर और खाद्य सामग्री पहुंचाई।
उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से गुरुग्राम के सिविल लाइंस क्षेत्र में 100 बेड का अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र सभी आवश्यक सुविधाओं सहित स्थापित किया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में सैकड़ों मरीजों को राहत मिली।
इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रधान ओम प्रकाश कथुरिया के सौजन्य से सीएसआर के तहत अध्यक्ष बोधराज सिकरी की अगुवाई में सिविल अस्पताल सोहना को अल्ट्रासाउंड मशीन तथा सिविल अस्पताल फरुखनगर को सीआर सिस्टम सहित एक्स-रे मशीन अनुदान स्वरूप भेंट की गई। इन उपकरणों से क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
महासंगठन के कार्यों को मान्यता देते हुए हरियाणा सरकार स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकवीर सिंह ने अध्यक्ष बोधराज सिकरी, प्रधान ओम प्रकाश कथुरिया, महामंत्री रामलाल ग्रोवर तथा महामंत्री गजेंद्र गोसाई को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज गर्ग भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जब-जब आवश्यकता होगी, पंजाबी बिरादरी महासंगठन अपनी टीम के साथ समाज और प्रशासन का इसी प्रकार सहयोग करता रहेगा।
बोधराज सिकरी ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा समाजसेवी संस्थाओं के कार्यों को मान्यता दिए जाने से संस्थाओं को और अधिक प्रेरणा मिलती है तथा सेवा कार्यों की गति तेज होती है। उन्होंने कहा कि महासंगठन का उद्देश्य केवल एक—“समाज सेवा ही सच्ची सेवा”—को साकार करना है।







