राजकीय बहुतकनीकी शिक्षा समिति, मानेसर के 54 विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये वेतन पर मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड में नियुक्ति

मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल तथा मैकेनिकल टूल एंड डाई शाखाओं के विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

गुरुग्राम, 17 फरवरी- राजकीय बहुतकनीकी शिक्षा समिति मानेसर के 54 विद्यार्थियों का मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष वेतन पर नियुक्ति प्रदान की गई है।

चयनित विद्यार्थियों में मैकेनिकल के 29, ऑटोमोबाइल के 17 तथा मैकेनिकल टूल एंड डाई के 8 विद्यार्थी शामिल हैं।

यह चयन प्रक्रिया संस्थान परिसर में आयोजित की गई, जिसमें तीनों शाखाओं के कुल 97 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लिखित परीक्षा में 71 विद्यार्थी सफल रहे तथा सभी ने एच.आर. साक्षात्कार में भाग लिया। चयन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

संस्थान के प्रधानाचार्य धर्मपाल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी नीरज कुमार ने भी विद्यार्थियों एवं संबंधित विभागों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और अधिक उद्योगों के साथ सहयोग बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।

यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के उच्च स्तर और विद्यार्थियों की प्रतिभा का भी प्रमाण है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!