*आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 मार्च 2026 की गई*
गुरुग्राम, 16 फरवरी– जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) के पैनल पुनर्गठन हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपने आवेदन 16 मार्च 2026 सायं 5:00 बजे तक जमा कर सकेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राकेश कादियान, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम ने बताया कि पहले पैरा लीगल वॉलंटियर्स योजना (संशोधित) के अंतर्गत आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब संशोधित करते हुए आगे बढ़ाया गया है।
इस योजना के अंतर्गत शिक्षक (सेवानिवृत्त शिक्षक सहित), सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी एवं वरिष्ठ नागरिक, एमएसडब्ल्यू विद्यार्थी/शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, चिकित्सक, विद्यार्थी एवं विधि के छात्र, सामाजिक संगठनों/स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा अन्य उपयुक्त व्यक्ति आवेदन करने के पात्र हैं।
आवेदन पत्र के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार/मतदाता पहचान पत्र), शैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार का वेतन, यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। चयनित पैरा लीगल वॉलंटियर्स को सौंपे गए कार्यों के संतोषजनक निर्वहन पर 800 रूपये प्रतिदिन की दर से मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम कार्यालय (गेट नंबर-2 के निकट, न्यायालय परिसर, गुरुग्राम) में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।






