राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत, 18 मार्च तक चलेगी कार्यवाही

चंडीगढ़, 16 फरवरी। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी 2026 से आरंभ होगा। जारी अस्थायी कार्यक्रम के अनुसार सत्र की शुरुआत 20 फरवरी, शुक्रवार को सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके बाद 23, 24 और 25 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी।
26 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का पुनरारंभ, प्रस्तुतीकरण, चर्चा तथा वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक अनुमान (तीसरी किस्त) पर मतदान किया जाएगा। 27 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर दिया जाएगा तथा धन्यवाद प्रस्ताव पारित होगा। इसी दिन अनुपूरक व्यय से संबंधित विनियोग विधेयक पर भी विचार किया जाएगा।
28 फरवरी और 1 मार्च को अवकाश रहेगा। 2 मार्च, सोमवार को वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान पेश किए जाएंगे। इसके बाद 10, 11, 12 और 13 मार्च को बजट पर सामान्य चर्चा होगी।
5 और 6 मार्च को विभागीय स्थायी समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि 9 मार्च को उनकी रिपोर्टों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 16 मार्च को समितियों की रिपोर्ट, बजट पर सामान्य चर्चा, वित्त मंत्री/मुख्यमंत्री का उत्तर तथा विधायी कार्य होगा।
17 मार्च को विनियोग विधेयक और अन्य सरकारी कार्य लिए जाएंगे तथा 18 मार्च को विधायी कार्य एवं अन्य कार्य संपन्न किए जाएंगे।
सत्र के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विधेयकों और वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा एवं निर्णय होने की संभावना है। बजट सत्र को राज्य की आर्थिक दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






