हरियाणा सरकार प्रदेश को औद्योगिक, आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में जुटी : राव नरबीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा : सरल मंजूरी प्रक्रियाओं और पारदर्शी प्रणाली से उद्योगों को मिल रहा है प्रोत्साहन

शनिवार को गांव वजीराबाद के धन्यवादी दौरे पर थे कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम, 14 फरवरी। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विकसित हरियाणा से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। इसी संकल्प के साथ हरियाणा सरकार प्रदेश को औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसमें हरियाणा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैबिनेट मंत्री शनिवार को अपने धन्यवाद दौरे के तहत गांव वजीराबाद पहुंचे। इस अवसर पर गांववासियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर विस्तार कर रही है और आने वाले समय में बहु-ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। आर्थिक प्रगति के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता और संस्कारों को सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में आज़ादी के समय देश खाद्यान्न के लिए संघर्ष कर रहा था, किंतु किसानों की मेहनत और हरित क्रांति के परिणामस्वरूप आज भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर ही नहीं, बल्कि निर्यातक देश भी बन चुका है। यह परिवर्तन देश की सामूहिक इच्छाशक्ति और परिश्रम का परिणाम है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि विश्व के अधिकांश विकसित राष्ट्र उद्योग आधारित अर्थव्यवस्था के माध्यम से आगे बढ़े हैं। इसी दृष्टि से हरियाणा सरकार प्रदेश में औद्योगिक ढांचे को सुदृढ़ करने, नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित करने तथा निवेश को आकर्षित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मानेसर एवं रोजका मेव क्षेत्र में स्थापित औद्योगिक इकाइयों से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और प्रदेश निर्यात एवं विनिर्माण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग स्थापित करने के इच्छुक युवाओं एवं उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक मंजूरियां प्रदान कर रही है, ताकि प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी बन सकें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजक बनने का संकल्प लें तथा स्वरोजगार और उद्योग स्थापना की दिशा में आगे बढ़कर प्रदेश की प्रगति में भागीदार बने।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें