स्पीकर कल्याण का दो दिवसीय गुजरात दौरा संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायिका के साथ साथ सहकारिता व प्राकृतिक खेती का किया अध्ययन

गुजरात के राज्यपाल व विधानसभा अध्यक्ष के साथ की बैठक

चंडीगढ़, 14 फरवरी – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का दो दिवसीय गुजरात दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरे के दौरान उन्होंने गुजरात में सहकारिता मॉडल, कृषि आधारित उद्योगों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी विभिन्न इकाइयों का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से सार्थक संवाद स्थापित किया।

11 फरवरी को विधान सभा अध्यक्ष ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच कृषि, प्राकृतिक खेती, सहकारिता और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने हरियाणा और गुजरात के बीच आपसी सहयोग को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।

12 फरवरी को उन्होंने गुजरात के बनासकांठा जिले का दौरा किया। दौरे की शुरुआत जिले की सहकारी मंडली के पदाधिकारियों के साथ बैठक से हुई, जिसमें सहकारिता मॉडल के सफल संचालन, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके पश्चात विधान सभा अध्यक्ष ने जिले की प्रमुख सहकारी इकाइयों का निरीक्षण किया। इनमें आलू प्रसंस्करण इकाई, बायो-सीएनजी प्लांट, पशु आहार संयंत्र, दुग्ध उत्पादन इकाई, शहद प्रसंस्करण यूनिट, पैकेजिंग सेक्शन, व्हे पाउडर प्लांट, कच्ची घानी सरसों तेल प्लांट तथा गाय-भैंस की नस्ल सुधार हेतु स्थापित सीमेन स्टेशन शामिल रहे। उन्होंने इन इकाइयों के आधुनिक प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और किसानों की सहभागिता की सराहना की तथा कहा कि सहकारिता आधारित यह मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का अच्छा माध्यम है।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि बनासकांठा की सहकारी व्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय रोजगार सृजन और मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से हरियाणा में भी इस प्रकार के सफल मॉडलों के अध्ययन और आदान-प्रदान की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया।

दौरे के दौरान वे थराद गांव भी पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित ‘नमो उत्सव’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और सहकारिता क्षेत्र को मिल रही नई दिशा का उल्लेख किया। 13 फरवरी को विधान सभा अध्यक्ष चंडीगढ़ लौट आए।  

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें