षडदर्शन साधुसमाज की महत्वपूर्ण बैठक 19 फरवरी को श्री अवधूत आश्रम में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संत-महात्माओं के बीच समसामयिक एवं धार्मिक विषयों पर होगी विस्तृत चर्चा

कुरुक्षेत्र, (संजीव कुमारी), 14 फरवरी। कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित श्री अवधूत आश्रम में षडदर्शन साधुसमाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 19 फरवरी (वीरवार) को आयोजित की जाएगी। इस बैठक को लेकर साधु-संतों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए षडदर्शन साधुसमाज के महासचिव महंत ईश्वर दास एवं संगठन सचिव वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक ने बताया कि बैठक प्रातः 10:30 बजे षडदर्शन साधुसमाज के मुख्यालय श्री अवधूत आश्रम में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता षडदर्शन साधुसमाज के अध्यक्ष परमहंस ज्ञानेश्वर जी महाराज करेंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन से जुड़े सभी सदस्य एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। बैठक के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया जाएगा तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

संत-महात्माओं की इस अहम बैठक को आध्यात्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें