सांसद सैलजा ने दिशा बैठक में पत्र के माध्यम से उठाए क्षेत्रीय विकास के मुद्दे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कुमारी सैलजा ने एक बार फिर घग्गर के प्रदूषण व कैंसर का मुद्दा उठाया

अग्रोहा रेल लाइन को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया

चंडीगढ़, 14 फरवरी। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने सिरसा-फतेहाबाद-जींद क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विस्तृत पत्र भेजा है।

राज्य स्तरीय दिशा समिति की 11 फरवरी 2026 को आयोजित बैठक में संसद सत्र के कारण व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने की जानकारी देते हुए सांसद सैलजा ने अपने पत्र को ही समिति के समक्ष विचारार्थ रखने का आग्रह किया।

पत्र में उन्होंने पिछली बैठक में उठाए गए लंबित मुद्दों का उल्लेख करते हुए गांव मांगेआना (सिरसा) स्थित भारत-इजराइल उत्कृष्टता केंद्र की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही इस केंद्र को महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय परिसर घोषित करने संबंधी प्रस्ताव पर हुई कार्रवाई से भी समिति को अवगत कराने को कहा। उन्होंने क्षेत्र में बागवानी किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बजट एवं संसाधन आवंटन पर जोर दिया तथा सिरसा, फतेहाबाद और जींद में चल रहे विकास कार्यों की ताजा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने की आवश्यकता बताई।

रेल परियोजनाओं पर चिंता

रेलवे संबंधी विषयों में कुमारी सैलजा ने अग्रोहा रेल लाइन के लिए पूर्व रेल बजट में किए गए 410 करोड़ रुपये के प्रावधान का हवाला देते हुए वर्तमान बजट में इसका उल्लेख न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दिशा समिति से रेल मंत्रालय को समर्थन पत्र भेजकर इस परियोजना को आस्था, पर्यटन, कृषि व्यापार एवं क्षेत्रीय विकास से जोड़ते हुए शीघ्र स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया।

इसके अतिरिक्त हांसी-महम रेल लाइन पूर्ण होने के बाद सिरसा-महम-रोहतक वाया नई इंटरसिटी एक्सप्रेस सेवा प्रारंभ करने की मांग भी उन्होंने उठाई।

राष्ट्रीय राजमार्ग और शहरी विकास

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के तहत सांसद सैलजा ने प्रस्तावित एनएच-709 (चौटाला-पानीपत-मेरठ) का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ कराने, एनएच-703 (जालंधर-तारानगर वाया सिरसा) को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने तथा सिरसा दक्षिणी बाईपास को मंजूरी प्रदान करने की मांग रखी।

सिरसा शहर के स्थानीय मुद्दों में उन्होंने चतरगढ़ मिनी बाईपास पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को शीघ्र स्वीकृति देने, कोर्ट रोड आरओबी को प्राथमिकता पर लागू करने और शहर में धीमी गति से चल रहे सीवर निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता जताई। साथ ही आरओबी व सीवर कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुराना चतरगढ़ पट्टी फाटक अस्थायी रूप से खोलने का सुझाव भी दिया।

घग्गर प्रदूषण और कैंसर पर चिंता

सांसद सैलजा ने सिरसा-फतेहाबाद क्षेत्र में सेम (जलभराव) की स्थायी निकासी के लिए समग्र योजना बनाने पर जोर देते हुए घग्गर नदी में गिरने वाले प्रदूषित नालों की हरियाणा-पंजाब संयुक्त जांच कराने की मांग दोहराई। बढ़ते कैंसर मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने सिरसा और फतेहाबाद में विशेष कैंसर उपचार केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।

सांसद सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि दिशा समिति बैठक में उनके जनहितकारी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें