चंडीगढ़, 9 फरवरी 2026। आगामी नगर निगम एवं निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ मैदान में उतरती दिखाई दे रही है। चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और उम्मीदवार चयन को लेकर पंचकुला, अंबाला एवं सोनीपत में विस्तृत समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। बैठकों में कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, सह प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, विधायक चंद्रमोहन, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जयवीर वाल्मीकि सहित तीनों जिलों के जिला अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठकों के दौरान निकाय चुनावों की समग्र रणनीति, संगठन की जमीनी स्थिति, संभावित उम्मीदवारों के चयन और नगर निगम चुनावों में जीत सुनिश्चित करने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव पूरे दमखम, मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी तथा जीत का परचम फहराएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता, जनसरोकारों से जुड़ाव, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और जीत की क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और सभी आवेदनों का गहन एवं निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा रहा है। सही और मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर कांग्रेस नगर निगम चुनावों में जीत सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने दोहराया कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और संगठन के सिद्धांतों पर आधारित होगी, ताकि जनता के भरोसे पर खरे उतरने वाले प्रतिनिधि चुने जा सकें।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा के दमनकारी रवैये से त्रस्त हो चुकी है और माहौल कांग्रेस के पक्ष में है। इन तीनों निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत रचनात्मक और जनहितैषी विचारधारा की जीत होगी।







