गुरुग्राम में 10 से 28 फरवरी तक होगा सरस मेला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी अजय कुमार ने सेक्टर-29 लेजर वैली ग्राउंड में तैयारियों का लिया जायजा

मेले में आने वाले स्वयं सहायता समूहों व आगंतुकों को न हो कोई असुविधा: डीसी

गुरुग्राम, 09 फरवरी। जिले में 10 से 28 फरवरी तक सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर डीसी अजय कुमार ने रविवार शाम सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गुरुग्राम में सरस मेले का यह चौथा आयोजन होगा।

डीसी अजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण परिवारों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से शिल्पकार दीदियां अपने हस्तनिर्मित उत्पाद बिक्री के लिए लाएंगी। इन्हें भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय का सहयोग रहा है। मेले में कुल 450 स्टॉल स्थापित की जाएंगी। सूरजकुंड शिल्प मेले की तर्ज पर सरस मेले में भी प्रतिदिन लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही मेला परिसर में फूड कोर्ट की व्यवस्था की जाएगी तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक खेलों की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी।

डीसी अजय कुमार ने आयोजन से जुड़े विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में स्वच्छता, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मेले में सहभागिता करने आ रही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा मेला देखने आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, डिप्टी सीईओ परमिंदर, एसीपी योगेश, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, मेले की स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. दीप्ति ढींडसा, एनआरएलएम से जिला प्रबंधक नज़्मुस सहित मेला प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!