लाखन माजरा में शिव मंदिर जीर्णोद्धार व प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव,हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लाखन माजरा /रोहतक,(डॉ मनजीत दहिया)। रोहतक जिले के ऐतिहासिक गांव लाखन माजरा में भगवान शिव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर हवन-यज्ञ, कलश यात्रा तथा विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें गांव सहित दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भगवान शिव मंदिर एवं प्राचीन श्रीराम मंदिर लाखन माजरा के पुजारी पंडित भान ने बताया कि यह आयोजन गांव की 36 बिरादरियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन कार्यक्रम में 36 बिरादरियों का ‘चूल्हा न्योत’ रहा और समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

उन्होंने बताया कि विद्वान पुजारियों द्वारा विधि-विधान से भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं की नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। इससे पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशाल भंडारे में गांव लाखन माजरा सहित आसपास व दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

पंडित प्रवीन ने बताया कि यह आयोजन ऐतिहासिक गांव लाखन माजरा में अब तक के सबसे भव्य धार्मिक आयोजनों में से एक रहा, जिसमें बड़ी संख्या में संगतें पहुंचीं और भगवान शिव सहित सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें