शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा के लिए करता है प्रेरित :- सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार
गुरुग्राम, 30 जनवरी। महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने कहा कि देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी को बलिदान दिवस मनाया जाता है। हम सभी उन महान शहीदों को नमन करते हैं, जिन्होंने भारत वर्ष की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान हमें समाज और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा दी और उनका योगदान आज भी हर भारतीय के दिल में अमिट है। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने महात्मा गांधी की विचारधारा और उनके संघषों को याद करते हुए उनकी प्रेरणा से मार्गदर्शन प्राप्त करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगराधीश कार्यालय, तहसील पटौदी, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय, कृषि विभाग कार्यालय तथा एडीसी कार्यालय में भी विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर महात्मा गांधी एवं देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया और राष्ट्र सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एचएसवीपी से एस्टेट ऑफिसर राकेश सैनी, नगर निगम गुरुग्राम से संयुक्त आयुक्त विशाल, एसीपी सुशीला, नगर निगम मानेसर से संयुक्त आयुक्त लोकेश, सीटीएम सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।









