हिसार। भाजपा नेता कुलबीर सोहल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस अब “बाबू-बेटा” की पार्टी बनकर रह गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा की नीतियों के कारण कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और बड़े नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में और भी कांग्रेसी नेता पार्टी छोड़ेंगे और कांग्रेस का हरियाणा में कोई भविष्य नहीं बचेगा।
कुलबीर सोहल ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास कर रही है। महिला एवं बाल विकास, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अंतर्गत करोड़ों रुपये की लागत से नहरों की सफाई, मॉडिफिकेशन, बूस्टिंग स्टेशन, कैनाल बेस्ड वाटर डिस्ट्रीब्यूटर तथा बरसाती पानी प्रबंधन परियोजनाओं पर प्रभावी कार्य किया जा रहा है, जिससे किसानों और आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रुति चौधरी ने अपने पिता स्व. सुरेंद्र सिंह और दादा स्व. बंसीलाल के पदचिह्नों पर चलते हुए राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। मंत्री कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हित में निरंतर काम किया है और पूरे हरियाणा में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। महिलाओं के स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कुलबीर सोहल ने कहा कि राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी भी हरियाणा के विकास में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने तोशाम विधानसभा क्षेत्र से लगातार जीत दर्ज कर राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। महिला कांग्रेस की महासचिव रह चुकी किरण चौधरी महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने समर्पण के लिए जानी जाती हैं। जून 2024 में भाजपा में शामिल होने के बाद राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर उन्होंने विकास कार्यों को और गति दी है। मंत्री रहते हुए उन्होंने हर वर्ग—किसान, व्यापारी और आम नागरिक—के लिए काम किया और आज भी लोगों की जरूरतों के आधार पर विकास कार्य करवा रही हैं।
कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए कुलबीर सोहल ने कहा कि आज कांग्रेस में गुटबाजी साफ दिखाई देती है। कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला अलग-अलग गुटों में बंटे हुए हैं, जबकि हुड्डा परिवार अपनी मनमानी चला रहा है। इसी कारण कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में अगले बीस वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी का शासन रहेगा। भाजपा ने युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए नया नेतृत्व दिया है। पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नबीन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जबकि कांग्रेस में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता पार्टी को आगे ले जाने में असफल साबित हो रहे हैं।
कुलबीर सोहल ने कहा कि भाजपा युवाओं की पार्टी बन चुकी है और आने वाले समय में युवा भाजपा से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और भाजपा की नीतियों से प्रेरित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।







