नगर निगम गुरुग्राम में सहायक सेनेटरी निरीक्षकों के लिए क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिपा में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में स्वच्छता प्रबंधन, स्वच्छ सर्वेक्षण, डिजिटल टूल्स और मानसून तैयारियों पर दिया गया विशेष जोर

गुरुग्राम, 22 जनवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा सहायक सेनेटरी निरीक्षकों (एएसआई) की कार्यकुशलता बढ़ाने एवं स्वच्छता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वीरवार को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में एक दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों तथा टीम साहस ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवहारिक व तकनीकी जानकारी प्रदान की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम साहस एनजीओ द्वारा अलग करो प्रोग्राम के तहत आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत में नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त रविन्द्र यादव ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने अपने संबोधन में कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक सेनेटरी निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें फील्ड स्तर पर बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेयर राज रानी मल्होत्रा ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण तभी संभव है जब अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मिलकर कार्य करें।

प्रशिक्षण सत्रों में नगर निगम की स्वच्छता संरचना, प्रशासनिक व्यवस्था, उपलब्ध मानव संसाधन एवं मशीनरी की जानकारी दी गई। टीम साहस से सोनिया गार्गा द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2016, डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, एमआरएफ और रूट प्लानिंग जैसे विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।सलाहकार डॉ. अनीता फाल्सवाल ने सहायक सेनेटरी निरीक्षकों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला, जबकि अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने आरडब्ल्यूए, बाजार संघों, स्कूलों, बल्क वेस्ट जनरेटर्स, एनजीओ और आम नागरिकों के साथ समन्वय के महत्व पर जानकारी दी। अन्य सत्रों में स्वच्छ सर्वेक्षण टूलकिट, नागरिक फीडबैक, शिकायत निवारण, उच्च और निम्न प्रदर्शन वाले वार्डों की कार्यप्रणाली, डिजिटल टूल्स, स्वच्छता मॉनिटरिंग ऐप, एसडब्ल्यूएम पोर्टल तथा शिकायत प्रबंधन प्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।

मानसून को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों के प्रबंधन, ड्रेनेज व्यवस्था, सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट्स एवं जीवीपी के संचालन तथा वार्ड स्तर पर स्वच्छता कार्ययोजना तैयार करने पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। फील्ड मैनेजमेंट सत्र में स्वच्छता कर्मियों द्वारा फील्ड में आने वाली चुनौतियों को साझा किया गया। कार्यक्रम के अंत में फीडबैक सत्र, समूह फोटो और धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रशिक्षण का समापन किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से सहायक सेनेटरी निरीक्षकों की दक्षता में वृद्धि होगी और गुरुग्राम शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं व्यवस्थित बनाने में नई ऊर्जा मिलेगी।

इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका व रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह, डॉ नरेश कुमार, डॉ जयवीर यादव व रविन्द्र मलिक सहित वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सहायक सफाई निरीक्षक और टीम साहस मौजूद रही।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!