
हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर-4 के सामने शुक्रवार को हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के चेयरमैन का पुतला फूंका गया। यह प्रदर्शन प्रदेश में रोजगार के मुद्दे को लेकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की भाजपा सरकार और एचपीएससी के अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार और एचपीएससी की नीतियां युवाओं को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही हैं। कटारिया ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पारदर्शिता की कमी और बार-बार नियमों में बदलाव के कारण योग्य युवा हताश हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग का मूल उद्देश्य निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती करना है, लेकिन वर्तमान में आयोग युवाओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा। कई भर्तियां वर्षों से लटकी हुई हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया नहीं मिलेगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “एचपीएससी होश में आओ” और “युवाओं को रोजगार दो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने सरकार की कथित युवा विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने के वादों में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर युवाओं को कोई ठोस लाभ नहीं मिल रहा।
निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति आज सड़कों पर उतरने को मजबूर है। प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और सरकारी नौकरियों की भर्तियों में अनियमितता युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और एचपीएससी ने जल्द ही अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य तौर पर मौजूद रहे ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोविन भाटला , शहरी जिलाध्यक्ष विकास ढांडा , बरवाला विधानसभा अध्यक्ष सुनील बेरवाल ,हिसार विधानसभा अध्यक्ष भारत सोनी, आदित्य मान नलवा , अजय मलिक , अंकुश पूनिया, हाँसी विधानसभा अध्यक्ष अजय बेरवाल , ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश, विकास बनभोरी, बागी राणा।









