विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने 28वीं राष्ट्रमंडल पीठासीन अधिकारी एवं स्पीकर कॉन्फ्रेंस में की शिरकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 15 जनवरी – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को नई दिल्ली पहुंच 28वीं राष्ट्रमंडल पीठासीन अधिकारी एवं स्पीकर कॉन्फ्रेंस में शिरकत की। संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया। 

इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अनेक राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों से मुलाक़ात भी की। इनमें ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया के पीठासीन अधिकारी, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर, जगदंबिका पाल आदि शामिल हैं।  इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव भी उपस्थित रहे। 

इस कॉन्फ्रेंस में दुनिया भर के 61 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोकतंत्र, संसद की कार्यप्रणाली तथा प्रगतिशील लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। 

इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य जन-प्रतिनिधियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग का समन्वय और निगरानी के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभाव से भी अवगत करवाया गया। जनता और संसद के बीच सहभागिता बढ़ाने के नए उपायों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सांसदों और सचिवालय कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण पर भी व्यापक चर्चा की गई। विधायी प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान, संसदीय नैतिकता आदि विषयों पर भी विचार सांझा किए जा रहे हैं।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े और पुरातन लोकतंत्र भारत के लिए यह गर्व की बात है कि वैश्विक संसदीय लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन यहां हो रहा है। यह अवसर कॉमनवेल्थ की समृद्ध संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और अंतरराष्ट्रीय विधायिकाओं के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने की भारत की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। 

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!