आयुष विभाग व हरियाणा योग आयोग के निर्देश पर जवानों ने किया सामूहिक योग अभ्यास

गुरुग्राम/ मानेसर। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त निर्देशानुसार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) मानेसर परिसर में बुधवार को सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर CISF के अधिकारियों, जवानों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार की सही विधि, इसके महत्व तथा नियमित अभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि सूर्य नमस्कार शरीर को ऊर्जावान एवं स्वस्थ रखने के साथ-साथ तनाव प्रबंधन, एकाग्रता बढ़ाने तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में अत्यंत सहायक है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और सुरक्षाबलों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग का प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग एवं सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में नियमित रूप से शामिल करने का संकल्प लिया।









