वरिष्ठ IPS अधिकारी शत्रुजीत सिंह कपूर बने ITBP के नए महानिदेशक, प्रवीण कुमार को मिली BSF की कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली/चंडीगढ़। हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत सिंह कपूर को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) का नया महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्होंने यह जिम्मेदारी प्रवीण कुमार से संभाली है, जिन्हें अब सीमा सुरक्षा बल (BSF) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत जारी आदेश में बताया गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने दोनों अधिकारियों की नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। शत्रुजीत सिंह कपूर अपनी सेवानिवृत्ति या अगले आदेश तक ITBP के डीजी पद पर बने रहेंगे।

हरियाणा के DGP भी रह चुके हैं कपूर

शत्रुजीत सिंह कपूर हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (DGP) रह चुके हैं और उन्हें एक अनुभवी व सख्त प्रशासक के रूप में जाना जाता है। हाल ही में हरियाणा के नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर भेजे गए पैनल में भी उनका नाम शामिल था। हरियाणा सरकार ने 30 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारियों का पैनल संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजा था, जिसमें कपूर भी प्रमुख दावेदारों में थे।

अन्य केंद्रीय जिम्मेदारियों की भी थी चर्चा

डीजीपी पद से हटने के बाद शत्रुजीत सिंह कपूर का नाम नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के प्रमुख पद अथवा हरियाणा सरकार के ऊर्जा विभाग में समायोजन को लेकर भी चर्चा में था। हालांकि, इन संभावनाओं से पहले ही केंद्र सरकार ने उन्हें ITBP जैसी महत्वपूर्ण अर्धसैनिक बल की कमान सौंप दी।

राकेश अग्रवाल बने NIA के महानिदेशक

इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश अग्रवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर 31 अगस्त 2028 तक बने रहेंगे। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी नियुक्ति को भी कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने स्वीकृति प्रदान की है।

केंद्रीय सुरक्षा तंत्र में अहम बदलाव

इन नियुक्तियों को देश की आंतरिक और सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ITBP, BSF और NIA जैसे संवेदनशील संस्थानों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से सुरक्षा तंत्र को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें