गुरुग्राम पुलिस की सख्ती: सड़क पर जानलेवा स्टंट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
गुरुग्राम | 14 जनवरी 2026 – सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक स्टंटबाजी वीडियो पर संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए सड़क पर जानलेवा स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है।
वायरल वीडियो में आरोपी थाना खेड़की दौला क्षेत्र के सेक्टर-85 रोड पर चलती कार की छत पर खड़े होकर हुड़दंग और खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आ रहे थे, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
वीडियो के आधार पर दर्ज हुआ मामला
वीडियो में दिखाई दे रही गंभीर लापरवाही को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने 12 जनवरी 2026 को थाना खेड़की दौला में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 13 जनवरी 2026 को सभी छह आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- शौकीन (33 वर्ष)
- मनीष (32 वर्ष)
- लोकेश (24 वर्ष)
- सुभाष (39 वर्ष)
- विकाश (29 वर्ष) — सभी निवासी गांव अलखपुरा, जिला भिवानी (हरियाणा)
- सलीम (35 वर्ष), निवासी सुलखनी, जिला हिसार (हरियाणा)
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शौकीन दौलताबाद में बिल्डिंग मैटीरियल का व्यवसाय करता है, जबकि अन्य आरोपी भी इसी काम से जुड़े हैं। आरोपी लोकेश वजीरपुर (दिल्ली) में कार्यरत है। सभी आरोपी पार्टी के बाद शौकीन की स्कॉर्पियो गाड़ी से दौलताबाद स्थित उसके कार्यालय जा रहे थे, इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर स्टंटबाजी की गई।
कार जब्त, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 01 स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है। मामले में अनुसंधान जारी है।
गुरुग्राम पुलिस की सख्त चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, स्टंटबाजी या हुड़दंग से बचें। ऐसे कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा भी बनते हैं।
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







