मृतक पर हत्या, डकैती सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज, गाड़ी से दो लोडेड पिस्टल बरामद
गुरुग्राम | 13 जनवरी 2026 – गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल टैक्स के पास मंगलवार को एक कुख्यात अपराधी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज ओझा (34 वर्ष), निवासी छतरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मनोज ओझा एक हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और चोरी सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस थाना खेड़की दौला की टीम को दिनांक 13 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि टोल टैक्स के पास एक व्यक्ति को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े युवक को तत्काल मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस अधिकारियों, सीन-ऑफ-क्राइम टीम, एफएसएल तथा फिंगरप्रिंट टीम द्वारा किया गया। मौके पर मृतक की बोलेरो गाड़ी खड़ी मिली, जिसकी तलाशी के दौरान पुलिस को दो लोडेड पिस्टल बरामद हुईं। इससे यह संकेत मिलता है कि मृतक स्वयं भी हथियारों से लैस था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मनोज ओझा एक सक्रिय आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। वह दो मामलों में सजायाफ्ता था और जून 2025 में जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार वह जमानत पर बाहर रहते हुए भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था।
फिलहाल खेड़की दौला थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। हत्या के कारणों, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की आपराधिक रंजिश के विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







