गुरुग्राम, 13 जनवरी 2026 । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PMSG:MBY) के प्रचार-प्रसार और आमजन को इसके लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से आज गीताभवन न्यू कॉलोनी गुरुग्राम में एक जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक गुरुग्राम मुकेश शर्मा ने की।

गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने जनसमूह को संबोधित करते हुए आम नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से पार्षदों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) से आगे बढ़कर इस योजना को अपनाने और समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने की अपील की।
अधीक्षण अभियंता इंजीनियर श्यामबीर सैनी ने योजना के लाभों को विस्तार से समझाया और अधिक से अधिक लोगों से इस योजना को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करती है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी सहायक है।
कार्यक्रम में योजना के लाभार्थी भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम से उन्हें बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। उनके अनुभवों से आमजन को योजना के प्रति भरोसा और उत्साह मिला।
कार्यक्रम के दौरान निगम स्टाफ एवं सोलर वेंडर्स द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विभिन्न पहलुओं और इससे मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं, डीएचबीवीएन अधिकारियों और सोलर वेंडर्स के बीच सीधा संवाद हुआ, जिसमें योजना से जुड़ी प्रक्रिया, सब्सिडी, सोलर रूफटॉप स्थापना और बिजली बिल में होने वाली बचत को लेकर चर्चा की गई।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का मौके पर ही समाधान किया गया। यह जन-जागरूकता शिविर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
शिविर में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधीक्षण अभियंता सर्कल-1, गुरुग्राम इंजीनियर श्यामबीर सैनी, कार्यकारी अभियंता सिटी सहित सभी एसडीओ, जेई तथा निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ो नागरिकों ने भाग लिया, वहीं सोलर वेंडर्स की भी सहभागिता रही।







